रात में बुलाया बाहर, फिर सीने में उतार दिया चाकू
चित्रकूट हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार साईपुर गांव में हुई हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, तीसरा आरोपी फरार

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट। थाना पहाड़ी क्षेत्र के ग्राम साईपुर में युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस ने आरोपियों को मुखबिर की सूचना पर ग्राम पटियाजप्ती स्थित तालाब के भीटा के पास से दबोचा।पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अभियुक्त गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कान्त राय और क्षेत्राधिकारी राजापुर राज कमल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक निशिकांत राय एवं उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।पुलिस के मुताबिक 25 मई 2026 की रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बाबूलाल यादव को सरकारी अस्पताल पहाड़ी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक की पत्नी रानी देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घटना वाली रात वह अपने पति के साथ घर पर थीं। तभी अमन पटेल, गोलू यादव उर्फ चन्द्रिका प्रसाद और राकेश यादव उनके दरवाजे पर पहुंचे और बाबूलाल को बाहर बुलाकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने बाबूलाल के सीने में चाकू मार दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 मई को अमन पटेल निवासी परसौजा और गोलू यादव उर्फ चन्द्रिका प्रसाद निवासी गढ़ीघाट (बरेदी पुरवा) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान अमन पटेल ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी के कपड़ों पर खून के धब्बे भी मिले हैं।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीसरा आरोपी राकेश यादव पुलिस के डर से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।






