जौनपुर: सुरैला गांव में 20 वर्षीय युवती ने लगाई फांसी, जांच जारी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुरैला गांव में गुरुवार को एक दुखद घटना सामने आई। यहां 20 वर्षीया युवती समुंद्री राजभर, पुत्री शंभू राजभर, ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई।
सूचना मिलने पर गौराबादशाहपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार युवती ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि शव को विधिक कार्रवाई के तहत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और जांच के आधार पर सच्चाई सामने लाई जाएगी।






