प्रधान के बेटों और भतीजों की दबंगई: कालोनाइजर पर लाठी-डंडों से हमला, 11 गिरफ्तार
जमीनी रंजिश में बहे खून के छींटे, कई घायल, केस दर्ज

जन एक्सप्रेस/श्यामपुर : श्यामपुर में एक कालोनाइजर और उसके दोस्तों पर ग्राम प्रधान के बेटों व भतीजों ने खुलेआम हमला बोल दिया। यह हमला उस समय हुआ जब कांगड़ी निवासी गौरव शर्मा अपने दोस्तों के साथ अपनी कालोनी का निरीक्षण करने पहुंचे थे। अचानक ही पहले से घात लगाए प्रधान पक्ष ने लाठी-डंडों और फावड़ों से हमला कर दिया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
लाठी-डंडों और फावड़ों से हमला, बीच-बचाव में युवक का टूटा दांत
गौरव शर्मा की तहरीर के अनुसार, ग्राम प्रधान योगेश चौहान, उनके बेटे धर्मराज व विकास चौहान, भतीजे दिलावर, नरेश, भानु, सतीश चौहान व चार अज्ञात युवकों ने सुनियोजित तरीके से हमला किया। बीच-बचाव करने आए शानू अंसारी के सिर, पैर और पीठ में चोटें आईं और उनका एक दांत टूट गया।
पुलिस ने की तत्काल कार्रवाई, 11 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामा शांत किया और 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में प्रधान के बेटे धर्मराज, विकास, और अन्य युवक जावेद, रिहान, साकिब, आबिद, महताब, कुर्बान, उस्मान, प्रशांत और भानु चौहान शामिल हैं। इन सभी का शांतिभंग में चालान किया गया है।
श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि प्रधान और उनके बेटों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। आरोपियों पर जल्द और भी गंभीर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
क्या था असली विवाद?
सूत्रों के मुताबिक, गौरव शर्मा ने महताब से जमीन खरीदी थी। महताब के चचेरे भाई जावेद ने कब्जे को लेकर विवाद खड़ा किया। बाद में दोनों पक्षों में सुलह हो गई, लेकिन इस विवाद से कोई लेना-देना न होने के बावजूद ग्राम प्रधान और उनके परिजन क्यों कूद पड़े, इस पर कई तरह की चर्चाएं हैं।
बताया जा रहा है कि प्रधान का बेटा कालोनी का रास्ता दिलाने के नाम पर बड़ी रकम ऐंठने की फिराक में था। जब कालोनाइजर ने हाथ खींच लिया, तो नाराजगी में यह हिंसक हमला किया गया।
जांच जारी, पुलिस की सख्त कार्रवाई की तैयारी
पुलिस अब इस पूरे मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।






