नारी सुरक्षा को समर्पित मिशन शक्ति अभियान-5 के तहत चला व्यापक जागरूकता अभियान
एंटी रोमियो स्क्वॉड और ‘शक्ति दीदी’ ने गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर किया सघन भ्रमण

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट : मिशन शक्ति अभियान-5 के अंतर्गत चित्रकूट जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा एक व्यापक अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक चित्रकूट के निर्देशन और मिशन शक्ति नोडल अधिकारी/क्षेत्राधिकारी राजापुर के पर्यवेक्षण में जनपद के समस्त थानों की एंटी रोमियो टीमों और ‘शक्ति दीदी’ द्वारा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामों में सघन भ्रमण किया गया।
इस दौरान टीमों ने चौराहों, बाजारों, स्कूलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर जाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया और उन्हें यह बताया कि किस प्रकार से वे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्रता या अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ तुरंत कार्यवाही करा सकती हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सुरक्षा सेवाओं जैसे —
यूपी-112, महिला पावर लाइन 1090, यूपी कॉप एप, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एम्बुलेंस सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन की विस्तृत जानकारी दी गई। पंपलेट वितरित कर इन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
महिला हेल्प डेस्क की जानकारी:
प्रत्येक थाने में स्थापित महिला हेल्प डेस्क की जानकारी भी साझा की गई, जहां महिला पुलिस कर्मी महिलाओं की समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान प्रदान करती हैं।
सोशल मीडिया के प्रति सतर्कता:
बालिकाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित प्रयोग की सलाह दी गई और बताया गया कि कैसे प्राइवेसी को सुरक्षित रखते हुए उसका उपयोग करें।
एंटी रोमियो स्क्वॉड की भूमिका:
अभियान के अंतर्गत एंटी रोमियो स्क्वॉड की टीमों ने सादे वस्त्रों और निजी वाहनों से विद्यालयों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और अन्य संवेदनशील स्थलों पर गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। अनावश्यक रूप से मौजूद मनचलों को हिदायत दी गई और आवश्यकता अनुसार कार्यवाही भी की गई।
महिलाओं को दिया गया आत्मनिर्भर बनने का संदेश:
अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, निर्भीक होकर शिक्षा व कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।






