त्योहारों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम : डीएम-एसपी ने पैदल गश्त कर किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़: प्रतापगढ़ में आगामी धनतेरस, दीपावली और भाई दूज पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाने के लिए प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी और एसपी दीपक भूकर ने शुक्रवार शाम जनपद के प्रमुख चौराहों एवं बाजारों का पैदल चलकर भ्रमण किया। इस दौरान उन्होने बाजारों में बढ़ती भीड़, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने भ्रमण के दौरान व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं से वार्ता की कर वस्तुओं की उपलब्धता व मूल्य की जानकारी ली। संयुक्त निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्य बाजार, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, धार्मिक स्थलों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद थाना पुलिस व चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग पर विशेष बल देने को कहा गया। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया जाये ताकि नागरिक बिना किसी असुविधा के त्योहार की खरीददारी कर सके। उन्होने पुलिस अधिकारियों को व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं की सुरक्षा के निर्देश दिये। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि दीपावली पर्व पर जनपद में शान्ति, सौहार्द्र एवं सुरक्षित माहौल बनाये रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होने निर्देशित किया कि पटाखा दुकानों का सघन निरीक्षण किया जाये, फायर सेफ्टी की व्यवस्था, अग्निशमन यंत्र, खुला स्थान एवं भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाये ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की सम्भावना को रोका जा सके। निरीक्षण के दौरान सम्बन्धित अधिकारी व पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।






