चुनाव की संभावना को बल देने छत्तीसगढ़ आ रहे हैं प्रधानमंत्री : सिंहदेव

रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सात जुलाई को छत्तीसगढ़ दौरा संभावित है। उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव की संभावना को बल देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ से लगाव रहता, भावनात्मक लिंक बनाते तो छत्तीसगढ़ हर साल आते। एकदम से चुनाव के समय आएंगे तो हर आदमी समझता है।
उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि मुझे कहना तो नहीं चाहिए लेकिन वे लोग आकर भरपाई कर रहे हैं। कांग्रेस अपने केंद्रीय नेतृत्व पर उतना निर्भर नहीं है। हम उनके मार्गदर्शन से यहां पर अच्छा काम कर रहे हैं। केंद्रीय नेतृत्व को हम पर विश्वास है। केंद्रीय नेतृत्व ने हमें कहा है आप कॉन्फिडेंट रहिए, बस ओवर कॉन्फिडेंट नहीं। सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की तरफ से फील्ड में ज्यादा पहल हो रही है। कांग्रेस भी अपने राष्ट्रीय नेताओं को आमंत्रित कर चुकी है।
राहुल जी, खड़गे जी प्रियंका जी भी आएंगी। भाजपा भी अपने नेताओं को बुला रही है। कांग्रेस अपने केंद्रीय नेताओं के मार्गदर्शन में काम करते आई है। इसका बोनस हमको मिल सकता है। केंद्रीय नेतृत्व कहता है ढिलाई मत करो, सतर्कता से काम करो। मजबूती से लोगों के बीच में जाओ फिर चुनाव में भाग लो। मीडिया कह रहा है कांग्रेस आएगी, नेशनल मीडिया सरकार बनने की पूरी संभावना जता रही है।






