जन एक्सप्रेस संवाददाता
शुक्लागंज, उन्नाव। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को रसोई गैस व पेट्रोल डीजल मूल्यवृद्धि का खून से लिखकर विरोध प्रदर्शन किया। समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश महासचिव अभिमन्यु गुप्ता व सपा नेता शुभ गुप्ता के नेतृत्व में कोतवाली के पास मूल्यवृद्धि से आक्रोशित समाजवादियों ने खून निकालकर प्रधानमंत्री को लिखा कि प्रधानमंत्री चुनावी वादे अनुसार रसोई गैस, पेट्रोल व डीजल की कीमतें कम कीजिये। उन्होंने कहा कि जनता आज खून के आंसू रो रही है इसलिए खून से लिखकर विरोध दर्ज करवाया जा रहा है। प्रधानमंत्री 2013 से चुनावी जनसभाओं में लगातार जनता को गुमराह कर रहे हैं कि भाजपा को जिताओ और महंगाई से मुक्ति पाओ। 2014 से लगातार प्रधानमंत्री जनता को धोखा दे रहे हैं, जनता से झूठ बोल रहे हैं क्योंकि भाजपा के शासन में पेट्रोलियम के रिकॉर्ड स्तर तक बढ़ चुके हैं और अब प्रधानमंत्री व भाजपा नेता मौन साधे हैं। जनता उनके धोखे को समझ चुकी है। शुभ गुप्ता ने कहा कि लगातार हो रही मूल्यवृद्धि से छोटा व्यापारी, किसान, मजदूर, महिलाएं सब भयंकर पीडि़त हैं। सब भाजपा सरकार को रह रह कर कोस रही हैं और भाजपा से मुक्ति चाहती हैं। जनता के आंसू जनता का दर्द भाजपा के लिए कोई मायने नहीं रखता। एक महीने में 3 बार रसोई गैस सिलेंडर का दाम बढ़ाया गया है और पेट्रोल डीजल का तो हर दूसरे दिन दम बढ़ रहा है। पेट्रोल 100 और गैस हजार के कारीब पहुंच गई, पर संवेदनहीन भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता। खून से लिखकर इस सोई संवेदनहीन भाजपा सरकार को जगाने का काम किया गया है। इस मौके पर राजन कनौजिया, फरहान अहमद, ठाकुर अनिल सिंह, गोपी रजक, अरुण सविता, दीपक गुप्ता, आशीष आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।