गांव में युवती से छेड़छाड़, घर में घुसकर युवक ने की बदसलूकी

जन एक्सप्रेस/खुटहन: थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर पड़ोसी गांव के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता गांव की रहने वाली है और स्नातक अंतिम वर्ष की छात्रा बताई जा रही है। युवती का आरोप है कि पड़ोसी महमदपुर गांव निवासी सचिन राव काफी समय से उसे गलत नजर से देखता था और परेशान करता रहता था। युवती के अनुसार, बीते एक मार्च की रात आरोपी उसके घर के बरामदे में अश्लील पत्र और फोटो फेंक गया था। पत्र में उसे धमकी भी दी गई थी, जिससे परिवार के लोग काफी डरे और चिंतित हो गए थे।
युवती ने बताया कि छह मार्च को जब उसके परिवार के लोग खेतों में काम करने चले गए थे, तब आरोपी मौका पाकर उसके घर में घुस आया। आरोप है कि उसने जबरन उसका हाथ पकड़कर कमरे की ओर खींचने की कोशिश की। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे, जिसे देखकर आरोपी वहां से फरार हो गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।






