उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

जन एक्सप्रेस/अवनीश पाण्डेय/जौनपुर: वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत उच्च शिक्षा के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के निदेशक और केंद्रीय शिक्षुता सलाहकार विवेक कुमार ने भाग लिया। उन्होंने योजना के उद्देश्यों, राष्ट्रीय प्रशिक्षुता योजना और अपरेंटिसशिप अधिनियम के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

विवेक कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार इस योजना को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। सरकार विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान करने और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ काम की ट्रेनिंग देने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों को केवल शिक्षा प्राप्त करने पर ध्यान नहीं देना चाहिए, बल्कि उस शिक्षा के साथ-साथ जरूरी कौशल भी विकसित करना चाहिए। नौकरी पाने के लिए मेहनत और सही तैयारी जरूरी है। यह योजना छात्रों को ऐसे रोजगार प्रदान करने में मदद करेगी, जो उनके लिए न केवल आर्थिक रूप से लाभकारी होंगे, बल्कि उनके करियर को भी आकार देगी।

कार्यक्रम के दौरान कुलसचिव महेंद्र कुमार ने छात्रों को अपने व्यवहार के महत्व के बारे में बताया और सरकार द्वारा चलाए जा रहे योजनाओं से जुड़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यह योजना छात्रों के लिए एक बेहतरीन अवसर है, जो उनके भविष्य को बेहतर बना सकती है। इस मौके पर ट्रैनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अविनाश पाथर्डीकर ने इस योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और छात्रों को इसके लाभ समझाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह है कि छात्र केवल डिग्री प्राप्त न करें, बल्कि वे उस डिग्री के साथ एक कौशल भी प्राप्त करें, जो उन्हें रोजगार के लिए तैयार कर सके।

कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी डॉ. नितेश जायसवाल ने निभाई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राघवेंद्र पाण्डेय, डॉ. कर्मचन्द यादव, डॉ. गंगेश दीक्षित, डॉ. नीलेश सिंह, श्याम त्रिपाठी सहित कई शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button