12 अक्टूबर को होगी पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा, प्रशासन तैयार
ADM वित्त एवं राजस्व उमेश चंद्र निगम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक, परीक्षा को नकलविहीन व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के निर्देश

जन एक्सप्रेस ब्यूरो/चित्रकूट : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा / सहायक वन रक्षक / क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) उमेश चंद्र निगम ने की।
इस परीक्षा का आयोजन 12 अक्टूबर 2025 (रविवार) को दो पालियों में किया जाएगा—
प्रथम पाली: सुबह 09:30 से 11:30 बजे तक
द्वितीय पाली: दोपहर 02:30 से 04:30 बजे तक
केंद्र व्यवस्थापकों को दिए गए कड़े निर्देश
ADM ने कहा कि परीक्षा की सफलता और शुचिता सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। केंद्र व्यवस्थापकों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया गया कि—
परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे, पर्याप्त प्रकाश, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
OMR शीट्स परीक्षार्थियों को सीरियल क्रम में ही वितरित की जाएं, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शासन की गाइडलाइन को अच्छे से पढ़कर समझें, जिससे परीक्षा में कोई दिक्कत न आए।
सुरक्षा और ट्रैफिक पर भी विशेष जोर
पुलिस क्षेत्राधिकारी को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और शहर में ट्रैफिक नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में उप जिलाधिकारी कर्वी पूजा साहू, मऊ आर. आर. रमन, राजापुर फूलचंद यादव, अपर उप जिलाधिकारी अजय यादव, राकेश कुमार पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर, जिला परियोजना अधिकारी सत्य राम यादव, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






