केराकत में वार रूम का डीएम ने किया आकस्मिक निरीक्षण, डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी के निर्देश

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का जायज़ा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने तहसील केराकत स्थित सभागार में बनाए गए वार रूम का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन से जुड़े कार्यों की जानकारी ली और निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी कर्मचारी अपने आवंटित कार्य समय पर पूरा करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि आयोग के आदेशानुसार जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की प्रक्रिया जारी है। कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए तहसील केराकत के सभागार में शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। पंचायत सहायकों और बीएलओ के साथ-साथ शिक्षक, लेखपाल और अमीन को भी डिजिटाइजेशन कार्य में लगाया गया है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने उपस्थित सुपरवाइजरों से प्रगति की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिया कि मैपिंग के बाद ही डिजिटाइजेशन का कार्य किया जाए। बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को उन्होंने सराहा भी।
उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा बढ़ाई गई अवधि का सदुपयोग करते हुए सभी कर्मचारी गुणवत्तापूर्ण और तेज़ी से कार्य पूरा करें।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया के बारे में जिलाधिकारी ने विस्तार से जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






