सरधना पहुंचे मंत्री नरेंद्र कश्यप, मृतक सोनू के परिजनों से की मुलाकात
एक लाख रुपये की निजी सहायता, निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा

जन एक्सप्रेस/मेरठ/सरधना।(पंडित शैलेन्द्र कुमार शर्मा):मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र में युवक सोनू कश्यप की हत्या के बाद बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री (दिव्यांगजन) एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप सरधना पहुंचे। उन्होंने मृतक सोनू के परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
पुलिस-प्रशासन को दिए सख्त निर्देश
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मौके पर मौजूद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गंभीर जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि“उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार कानून और न्याय के सिद्धांतों पर काम कर रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी कानून से बच नहीं पाएंगे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
परिजनों को एक लाख की निजी सहायता, सरकारी मदद का आश्वासन
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मृतक सोनू के परिवार को निजी तौर पर एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकारी स्तर से मिलने वाली सभी सहायता और सुविधाएं भी परिवार को दिलाई जाएंगी।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है, जहां अपराधियों को सजा और पीड़ितों को न्याय सुनिश्चित किया जाता है।
विपक्ष को राजनीति से दूर रहने की नसीहत
सोनू हत्याकांड और इससे पहले मेरठ में हुई महिला की हत्या को लेकर विपक्ष की सक्रियता पर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ उठाने और माहौल गर्म करने के उद्देश्य से क्षेत्र में आ रहा है।मंत्री ने कहा,“विपक्ष न तो पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनशील है और न ही किसी प्रकार की वास्तविक सहायता कर रहा है। केवल राजनीति चमकाने का प्रयास किया जा रहा है।”






