हरदोई में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 48 जोड़ों का विवाह सम्पन्न

जन एक्सप्रेस/हरदोई: अतिरिक्त मजिस्ट्रेट एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी पूनम भास्कर ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम आज राजकीय आईटीआई परिसर, हरदोई में गरिमापूर्ण एवं शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में 47 हिन्दू जोड़े एवं 1 मुस्लिम जोड़ा सहित कुल 48 जोड़े अपने-अपने रीति-रिवाजों के साथ वैवाहिक बंधन में बंधे।उन्होंने बताया कि शासन द्वारा अनुमन्य 26 प्रकार की उपहार सामग्री नवविवाहित जोड़ों को प्रदान की गई। कार्यक्रम में विशेष परिस्थितियों में भी विवाह संपन्न कराए गए।
विकास खंड माधौगंज की वर्षा पुत्री शेर सिंह का विवाह निर्धारित कार्यक्रम समाप्त होने के उपरांत भी सम्पन्न कराया गया। वहीं नगर पालिका संडीला की रचना पुत्री स्वर्गीय राजकुमार का विवाह स्थल पर आते समय वाहन दुर्घटना हो जाने के बावजूद, मौके पर चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराते हुए विवाह सम्पन्न कराया गया तथा उन्हें शासन की ओर से अनुमन्य सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम में श्रीमती प्रेमावती, जिला पंचायत अध्यक्ष, अजीत सिंह बब्बन, जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी,नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा,सीडीओ सान्या छाबड़ा,अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), नगर मजिस्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए), उपनिदेशक कृषि, जिला गन्ना अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।सम्पूर्ण कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।






