वाराणसी से शुरू हुआ ‘गौ-प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद लखनऊ के लिए रवाना
गौ-माता पूजन और संकटमोचन मंदिर में दर्शन के बाद यात्रा की शुरुआत, सुल्तानगंज होगा अगला पड़ाव

जन एक्सप्रेस/लखनऊ:धर्मनगरी वाराणसी से शनिवार को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने “गौ-प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध” अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने गौ-माता का विधिवत पूजन किया और इसके बाद संकट मोचन हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।
पूजन-अर्चन के बाद शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद अपने समर्थकों और श्रद्धालुओं के साथ लखनऊ के लिए रवाना हुए। इस यात्रा के माध्यम से वह गौ-संरक्षण और गौ-प्रतिष्ठा को लेकर जनजागरण अभियान चलाने का संदेश दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर संत-समाज और श्रद्धालुओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इस यात्रा का अगला प्रमुख पड़ाव सुल्तानगंज होगा, जहां संतों और भक्तों के साथ गौ-संरक्षण के मुद्दे पर चर्चा और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शंकराचार्य ने कहा कि गौ-सेवा और गौ-संरक्षण भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है।






