अपराधउत्तर प्रदेशप्रयागराज

दादा के सामने से छात्र का अपहरण, कार सवार बदमाश बच्चे को लेकर फरार; कई घंटे बाद भी सुराग नहीं

जन एक्सप्रेस/प्रयागराज। जिले के मांडा थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े एक छात्र के अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कार सवार दो बदमाशों ने स्कूल से घर लौट रहे बच्चे को उसके दादा के सामने से ही जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।जानकारी के अनुसार मांडा थाना क्षेत्र के सरायकला गांव का रहने वाला छात्र स्कूल वैन से घर लौट रहा था। वैन से उतरने के बाद वह अपने दादा के साथ घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक कार से पहुंचे दो बदमाशों ने बच्चे को पकड़ लिया और जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए। पूरी घटना दादा के सामने ही हुई, लेकिन बदमाशों ने इतनी तेजी से वारदात को अंजाम दिया कि वह कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी बच्चे को लेकर भाग निकले।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मांडा थाना पुलिस के साथ ही आसपास के थानों की पुलिस भी सक्रिय हो गई और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई।
परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है, ऐसे में अपहरण की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।घटना के कई घंटे बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस का कहना है कि अपहरणकर्ताओं की पहचान और बच्चे की सुरक्षित बरामदगी के लिए टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button