
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी: लगातार हो रही बारिश के चलते नई टिहरी के सी ब्लॉक क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। टाइप थर्ड स्थित पूल्ड हाउस के पास एक आवासीय भवन गंभीर जोखिम में आ गया है, जिससे यहां रहने वाले परिवार दहशत में रातभर जागने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में अनियोजित प्लाट विकास और गलत तरीके से किए गए निर्माण कार्यों के कारण स्थिति बिगड़ी है। आरोप है कि पुनर्वास विभाग द्वारा ग्रीन बेल्ट, संवेदनशील क्षेत्रों, पार्क और पार्किंग जैसी जगहों को भी अनियमित तरीके से आवंटित किया गया।
बताया जा रहा है कि संबंधित स्थान पर डंपिंग जोन को अविकसित प्लाट के रूप में आवंटित किया गया था। जब इस प्लाट का समतलीकरण किया गया, तो ऊपर स्थित भवन का आंगन भरभराकर गिर गया।
भवन स्वामियों बलवीर नेगी और सतीश उनियाल ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की थी, जिसके बाद प्रोटेक्शन कार्य का आश्वासन मिला था, लेकिन समय पर काम नहीं हो पाया।
लगातार बारिश के कारण अब फिर से भूस्खलन शुरू हो गया है। भवन की नींव पूरी तरह कमजोर हो चुकी है और नीचे से मिट्टी व मलबा लगातार खिसक रहा है। हालात इतने गंभीर हैं कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण के दौरान स्थिति को बेहद खतरनाक बताया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भवन में रहना अब जोखिम भरा है और प्रभावित परिवारों को जल्द सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा।
बढ़ती लापरवाही, बड़ा खतरा
यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो यह स्थिति किसी भी समय बड़ी त्रासदी में बदल सकती है।






