उत्तराखंडनई टिहरी

टिहरी पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, 26 श्रद्धालुओं की बची जान

जन एक्सप्रेस/नई टिहरी: नई टिहरी में टिहरी पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। प्रयागराज से चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से भरे एक टेंपो ट्रैवलर वाहन में आग लगने की स्थिति बन गई थी, लेकिन समय रहते पुलिस टीम ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर वाहन संख्या यूपी 44 सीटी 2829 ऋषिकेश से शाम करीब 5 बजे चारधाम यात्रा के लिए आगे रवाना हुआ था। वाहन में कुल 26 श्रद्धालु सवार थे, जो उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर आए थे।

लगातार पहाड़ी मार्ग पर वाहन संचालन के कारण वाहन के ब्रेक अत्यधिक गर्म हो गए, जिससे ब्रेक ड्रम से धुआं उठने लगा और आग लगने की आशंका पैदा हो गई। इसी दौरान टिहरी पुलिस की जाजल चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस टीम की नजर वाहन से निकल रहे धुएं पर पड़ी।

पुलिसकर्मियों ने तुरंत वाहन को रुकवाया और बिना समय गंवाए सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद तत्काल आग बुझाने की कार्रवाई की गई, जिससे वाहन को पूरी तरह जलने से बचा लिया गया।

पुलिस की इस त्वरित और सूझबूझ भरी कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button