उत्तर प्रदेशपीलीभीतराज्य खबरें

बिलसंडा हत्याकांड में बड़ा खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी लक्की मौर्य गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड में वांछित चल रहा था आरोपी, मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर भी की फायरिंग

जन एक्सप्रेस/पीलीभीत: पीलीभीत जिले के चर्चित व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिलसंडा पुलिस ने शनिवार तड़के हुई मुठभेड़ के दौरान मामले के मुख्य आरोपी लक्की मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, थाना बिलसंडा क्षेत्र में अपराधियों की तलाश और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। सुबह करीब पांच बजे बंडा रोड स्थित ईटगांव नहर पुलिया के पास एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया।

पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। गोली मुख्य आरक्षी सुनील कुमार के दाहिने बाजू को छूते हुए निकल गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी लक्की मौर्य (21 वर्ष) के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

अवैध तमंचा और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद बाइक को सीज कर दिया गया है।

पप्पू गुप्ता हत्याकांड में था वांछित

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 28 मई को हुए चर्चित पप्पू गुप्ता हत्याकांड में शामिल था। घटना के दिन बिलसंडा के बमरौली तिराहे पर स्थित पंकज कटियार की साइकिल दुकान में कुछ लोगों ने घुसकर मारपीट की थी।

शोर सुनकर पास की कपड़ा दुकान चलाने वाले व्यापारी पप्पू गुप्ता मौके पर पहुंचे और भाग रहे एक आरोपी को पकड़ लिया। इसी दौरान आरोपियों की ओर से की गई फायरिंग में पप्पू गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।

पारिवारिक रंजिश में रची गई साजिश

पुलिस जांच में पता चला है कि पंकज कटियार और उनके ससुराल पक्ष के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते कथित तौर पर हत्या की साजिश रची गई और घटना को अंजाम दिया गया।

इस मामले में पुलिस पहले ही रमेश चंद्र कटियार, विमल कटियार और सीतेश कटियार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब मुख्य आरोपी लक्की मौर्य की गिरफ्तारी को जांच में अहम सफलता माना जा रहा है।

अस्पताल में चल रहा उपचार

मुठभेड़ में घायल आरोपी को पहले सीएचसी बीसलपुर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर कर दिया गया। वहीं मुख्य आरक्षी सुनील कुमार की हालत सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुठभेड़, अवैध हथियार बरामदगी और अन्य संबंधित धाराओं में अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button