
जन एक्सप्रेस/ पिथौरागढ़: हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पर्वतीय पत्रकार एसोसिएशन द्वारा नगर पालिका सभागार में एक विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिंदी पत्रकारिता के इतिहास, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आशीष भटगाई रहे, जबकि कल्पना देवलाल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की। गोष्ठी में वक्ताओं ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, डिजिटल मीडिया के प्रभाव और निष्पक्ष पत्रकारिता की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर एलएसएम परिसर के निदेशक डॉ. हेम पांडेय, शिक्षाविद डॉ. अशोक पंत, जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष जितेंद्र वल्दिया, सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष दयानंद भट्ट, भूतपूर्व सैनिक संगठन के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह खनका सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।
वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान
हिंदी पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार नंदन सिंह कोश्यारी, ओपी अवस्थी, सुधीर राठौर, किशन पाठक, गिरीश पंत, प्रमोद द्विवेदी, विजय उप्रेती और नीरज पंत को सम्मानित किया गया।
पर्वतीय पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजयवर्धन उप्रेती ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, पत्रकारों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन महासचिव भक्त दर्शन पांडे ने किया।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित जिले भर से बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।






