उत्तरकाशीउत्तराखंड

उत्तरकाशी में 543 लोगों ने किया सामूहिक योग, विधायक सुरेश सिंह चौहान समेत कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तरकाशी के राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज मैदान में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग की ओर से भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 543 लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और योगमय भारत का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान, राज्य मंत्री प्रताप सिंह पवार, नगर पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान, भारतीय चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष डॉ. जे.एन. नौटियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौहान और ब्लॉक प्रमुख ममता पवार सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी भी दी गई तथा लोगों को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की भारतीय जीवनशैली है। नियमित योग करने से शरीर निरोग रहता है, मानसिक तनाव कम होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि उत्तरकाशी में योग के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और स्वस्थ समाज के निर्माण में योग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button