PoliticsUP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगराजनीतिराज्य खबरेंशामली

शामली में CM योगी का विपक्ष पर हमला: बोले- ‘सपा और कांग्रेस जिन्ना के उपासक’, कांवड़ यात्रा पर भी दिया बड़ा संदेश

जन एक्सप्रेस /शामली :- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शामली में ₹581 करोड़ से अधिक लागत की 89 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। अपने संबोधन में उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “ये लोग मोहम्मद अली जिन्ना के उपासक हैं।”

कानून व्यवस्था में बदलाव का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय शामली भय और दहशत का प्रतीक बन गया था। खुलेआम गुंडागर्दी होती थी, लोग पलायन करने को मजबूर थे, किसान आत्महत्या कर रहे थे और बेटियां घर से बाहर निकलने में डरती थीं।

उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार आने के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की गई है।

“माफिया की जगह जेल या जहन्नुम”

सीएम योगी ने वर्ष 2015 में हत्या का शिकार हुए एक परिवार से मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने संकल्प लिया था कि “माफिया और अपराधियों की जगह केवल जेल या जहन्नुम होगी।” उन्होंने कहा कि अब अपराधियों को भी पता है कि अपराध करने का अंजाम जेल या जहन्नुम ही है।

भर्ती प्रक्रिया को लेकर सपा पर आरोप

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पहले सरकारी नौकरियों पर सपा का सिंडिकेट कब्जा कर लेता था, जिससे शामली समेत प्रदेश के युवाओं के अवसर छिन जाते थे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल रहे हैं।

रामभक्तों और आस्था का भी किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग आज आस्था की बातें करते हैं, वही वर्ष 2017 से पहले रामभक्तों पर गोलियां चलवाते थे और रामनवमी की शोभायात्राएं नहीं निकलने देते थे।

उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन सरकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने का काम कर रही है।

कांवड़ यात्रा पर अनुशासन की अपील

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि अब यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से और बिना किसी बाधा के संपन्न हो रही है। सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम कर रही है।

उन्होंने सभी कांवड़ संघों से अनुशासन और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि हुड़दंग करने वालों को समाज से बाहर करना चाहिए, क्योंकि यही हमारी मर्यादा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button