
जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :- रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद आयोजित कथित ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम को लेकर विवाद बढ़ गया है। मामले में लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी नगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
रामलीला मैदान न्यास से जुड़े अमित कुमार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 297/2026 दर्ज की है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 और 299 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धारा 3(1)(q) के तहत आरोप दर्ज किए गए हैं।

शिकायतकर्ता अमित कुमार और विनोद आर्य, जो वाल्मीकि समाज से जुड़े बताए गए हैं, का आरोप है कि रैली के बाद रामलीला मैदान परिसर की सफाई और हवन किया गया था। आरोप है कि राहुल गांधी ने दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिना जांच-पड़ताल उक्त कार्यक्रम को ‘छुआछूत’ और दलित विरोधी कृत्य बताया।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस टिप्पणी से दलित समाज और कार्यक्रम में शामिल लोगों की भावनाएं आहत हुईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर की जाएगी।






