Crimeउत्तर प्रदेशहरदोई

सड़क हादसे में महिला की मौत, मातम में बदलीं नामकरण की खुशियां

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- ​हरदोई।लोनार कोतवाली क्षेत्र के जगदीपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की रोडवेज बस की टक्कर से मौत हो गई। मृतका अपने पति के साथ साढ़ू के घर बच्चे के नामकरण संस्कार की दावत में शामिल होने जा रही थीं। इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।​फर्रुखाबाद जिले के हरिहरपुर (थाना राजेपुर) निवासी राकेश सिंह अपनी 28 वर्षीया पत्नी अनीता सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर हरदोई के सरैयां गांव जा रहे थे। सरैयां निवासी उनके साढ़ू शेखर के घर बेटे का नामकरण संस्कार था। रास्ते में लोनार कोतवाली क्षेत्र में जगदीपुर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

​अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

​टक्कर इतनी तेज थी कि अनीता सिंह बाइक से नीचे गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस से उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। हालांकि, लखनऊ ले जाते समय रविवार की देर शाम करीब 7 बजे रास्ते में ही अनीता ने दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में पति राकेश को हल्की चोटें आई हैं।​सोमवार दोपहर करीब 1 बजे पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। मृतका अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button