हरदोई में साधु का कत्ल,सिर पर कुल्हाड़ी-ईंट से वार कर उतारा मौत के घाट,एक गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई में साधु की बेरहमी से हत्या से सनसनी फैल गई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में कोथावां-अतरौली मार्ग स्थित शेर बहादुरपुर चौराहे पर राघवेन्द्र सिंह की मार्केट के बरामदे में साधु का रक्तरंजित शव पड़ा मिला। सिर पर कुल्हाड़ी और ईंट से वार कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में मृतक के साथ रहने वाले साधु मुंशीलाल को गिरफ्तार किया गया है।घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद हुई है।
मृतक की पहचान बाबूलाल उर्फ बबूल (35) पुत्र सियाराम, निवासी जियनखेड़ा मजरा काकूपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह करीब छह बजे शव पड़े होने की सूचना मिली थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों साधुओं ने शराब पी रखी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में बाबूलाल ने मुंशीलाल से कुछ कह दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी विवाद में मुंशीलाल ने बाबूलाल के सिर पर कुल्हाड़ी और ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद मौके पर शव रक्तरंजित अवस्था में पड़ा मिला।
जानकारी के मुताबिक घटना की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।एएसपी सुबोध गौतम ने बताया कि आरोपी मुंशीलाल को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।घटनास्थल से कुल्हाड़ी बरामद हुई है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।






