8.76 ग्राम स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार
नकुलिया रोड पर चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी, बाइक और नकदी भी बरामद

जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- ऊधमसिंहनगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत सितारगंज कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को 8.76 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 610 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, फाइल पेपर के टुकड़े और कथित तौर पर नशा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को टीम नकुलिया रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एचपी पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर आगे सड़क किनारे मोटरसाइकिल पर बैठे दो युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान मनप्रीत सिंह के पास से 4.30 ग्राम और आदित्य राजभर के पास से 4.46 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने उत्तर प्रदेश से स्मैक लाकर सितारगंज क्षेत्र में बेचने की बात बताई। पुलिस कथित सप्लायरों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
मामले में कोतवाली सितारगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह (18) पुत्र महेंद्र सिंह निवासी नकुलिया, सितारगंज और आदित्य राजभर (19) पुत्र रामबूज निवासी ग्राम धनौजी, थाना तुरपट्टी, जिला कुशीनगर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी नकुलिया, सितारगंज के रूप में हुई है।
कार्रवाई एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में की गई। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुन्दरम शर्मा, उपनिरीक्षक जगत सिंह शाही, हेड कांस्टेबल मतलूब खान और कांस्टेबल प्रेम कनवाल शामिल रहे।






