CrimeCyber Fraudutrakhandहल्द्वानी

बनभूलपुरा में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ा अभियान, 108 घरों-प्रतिष्ठानों में मिली अनियमितताएं

तड़के चार बजे सात टीमों ने की छापेमारी, 50 से 55 प्रतिशत लाइन लॉस मिलने के बाद विभाग सख्त

जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :-  बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सोमवार तड़के व्यापक अभियान चलाया। मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी के नेतृत्व में सात टीमों ने सुबह चार बजे से किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर समेत विभिन्न इलाकों में छापेमारी की। विभाग के अनुसार, जांच के दौरान 108 घरों और प्रतिष्ठानों में बिजली चोरी या अन्य अनियमितताओं के मामले सामने आए।

कार्रवाई के दौरान संबंधित मीटर सीज करने और बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई। वहीं, संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। अभियान में विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम के साथ पुलिस भी शामिल रही।

मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने बताया कि क्षेत्र के कुछ फीडरों पर 50 से 55 प्रतिशत तक लाइन लॉस सामने आने के बाद यह अभियान चलाया गया। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विभाग की ओर से मीटरों को घरों के बाहर शिफ्ट करने, आर्मर्ड केबल लगाने और स्मार्ट मीटर स्थापित करने की योजना भी बनाई जा रही है। विभाग का कहना है कि बिजली चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button