
जन एक्सप्रेस /बागेश्वर :- जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस की एसओजी टीम ने ग्राम खड़लेख, शामा में अवैध भांग की खेती नष्ट की। पुलिस के अनुसार, करीब दो नाली भूमि पर भांग उगाई जा रही थी, जिसे टीम ने पूरी तरह नष्ट कर दिया।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में एसओजी प्रभारी निरीक्षक सल्लाउद्दीन खान के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति स्थानीय नागरिकों और युवाओं को जागरूक करते हुए अवैध नशे की खेती और तस्करी पर रोक लगाने में सहयोग की अपील की।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि आसपास कहीं भी अवैध नशे की खेती या कारोबार की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को दें।






