utrakhandउत्तरकाशी

युवाओं के सपनों और संकल्पों से साकार होगा विकसित भारत का सपना

जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :-  विकसित भारत का सपना युवाओं के विचारों, नवाचार और संकल्पों से ही साकार होगा। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यह बात ग्राम्य विकास एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भरत सिंह चौधरी ने मंगलवार को राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग में आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत @2047’ कार्यक्रम में कही।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके सपनों, विचारों और आकांक्षाओं को जाना। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनकी ऊर्जा, रचनात्मक सोच, नवाचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

मंत्री ने विद्यार्थियों से शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए युवाओं को अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर निरंतर प्रयास करने होंगे। नए विचारों और सामूहिक सहभागिता से ही देश प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सकेगा।

विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान छात्र प्रतिनिधियों और महाविद्यालय के प्राचार्य ने संस्थान की विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके प्राथमिकता के आधार पर समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान युवाओं के भविष्य निर्माण की आधारशिला हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए संबंधित विषयों पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, महाविद्यालय के प्राचार्य आशुतोष त्रिपाठी, छात्र संघ अध्यक्ष अर्जुन सिंह, भगवती नौटियाल, पार्वती गोस्वामी, शीला रावत, अमित प्रदाली, धर्मेंद्र कंडवाल सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button