मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी गयी जानकारी

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत नव दुर्गा, नव संकल्प थीम के तहत थाना बिलग्राम पुलिस ने ग्राम कस्बा रफैय्यत गंज स्थित दुर्गा माता मंदिर परिसर में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान मंदिर में प्रज्वलित ज्वाला ज्योति का निरीक्षण किया गया और वहां उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को एकत्रित कर महिला सुरक्षा, अधिकारों तथा सशक्तीकरण के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं को सरकार द्वारा उनके उत्थान एवं कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इनमें मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और वृद्धावस्था पेंशन योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाएं शामिल रहीं।अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को वूमेन पावर हेल्पलाइन नंबर 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एंबुलेंस सेवा 108 एवं 102, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई।
साथ ही साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताए गए और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को पंपलेट भी वितरित किए गए।इस अवसर पर महिला आरक्षी ममता विश्वकर्मा, महिला आरक्षी लक्ष्मी, महिला आरक्षी मनु और महिला आरक्षी रिषभ चौधरी मौजूद रहीं।






