टाटा मोटर्स में साइबर जागरूकता कार्यशाला, 350 से 400 कार्मिकों ने लिया प्रशिक्षण

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :- साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, कुमाऊं रेंज, रुद्रपुर की ओर से टाटा मोटर्स परिसर में एक दिवसीय साइबर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में करीब 350 से 400 कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यशाला के दौरान पुलिस टीम ने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में धनराशि की वापसी की प्रक्रिया, बैंक खातों को फ्रीज करने या राशि पर लियन मार्किंग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण और ई-जीरो एफआईआर की प्रक्रिया की जानकारी दी।
इसके अलावा संचार साथी पोर्टल के विभिन्न टूल्स के बारे में बताया गया। कार्मिकों को चक्षु के माध्यम से संदिग्ध संचार की रिपोर्टिंग, अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की जांच और खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया समझाई गई।
कार्यशाला में लाइव प्रैक्टिकल के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी से बचाव के तरीके बताए गए। साथ ही व्हाट्सऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन और प्राइवेसी सेटिंग्स का उपयोग करने की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने और अपना ओटीपी, बैंकिंग विवरण व अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी।
पुलिस ने बताया कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत की जा सकती है।
कार्यशाला का उद्देश्य कार्मिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित करना रहा।






