मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

जन एक्सप्रेस/ हरदोई :- मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत गुरुवार को बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के दो अलग-अलग विद्यालयों में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के पांचवें दिन ‘नव दुर्गा नव संकल्प’ के अंतर्गत ‘ज्ञान का संकल्प’ थीम और ‘सपनों को उड़ान, ठगों से सावधान’ टैगलाइन के माध्यम से छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
पहला कार्यक्रम कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, चांदपुर, बिलग्राम में आयोजित हुआ। यहां साइबर टीम और मिशन शक्ति एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल तथा अपनी निजी जानकारी गोपनीय रखने के संबंध में जानकारी दी। टीम ने छात्राओं को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के साथ ओटीपी व बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने और संदिग्ध कॉल या संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी।

वहीं, दूसरा जागरूकता कार्यक्रम बाबा मंशानाथ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिलग्राम में आयोजित किया गया। यहां भी थाना बिलग्राम की साइबर टीम और मिशन शक्ति एंटी रोमियो टीम ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपाय बताए। टीम ने डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
दोनों विद्यालयों में विद्यार्थियों को साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई। साथ ही अभ्युदय योजना सहित अभियान के निर्धारित विषयों के माध्यम से शिक्षा, जागरूकता और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना, उन्हें डिजिटल ठगी से बचाव के उपाय बताना और महिला एवं बालिका सुरक्षा के प्रति सजग करना रहा। थाना बिलग्राम की साइबर टीम एवं मिशन शक्ति एंटी रोमियो टीम ने विद्यार्थियों से जागरूक रहने तथा साइबर अपराध से जुड़ी किसी भी घटना की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।






