Crimeutrakhandउत्तरकाशी

लोडेड सरकारी राइफल लेकर प्रभारी कारापाल के आवास पहुंचा बंदीरक्षक, धमकी देने का आरोप

जन एक्सप्रेस /सितारगंज :-  सितारगंज केंद्रीय कारागार में तैनात एक बंदीरक्षक पर लोडेड सरकारी राइफल लेकर ड्यूटी छोड़ने और प्रभारी कारापाल के आवास पर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। प्रभारी कारापाल की शिकायत पर सितारगंज कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रभारी कारापाल प्यारे लाल ने अपनी शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह करीब 9:40 बजे बंदीरक्षक शुभम पांडेय ने फोन पर उनसे बातचीत की और कथित तौर पर धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद वह लोडेड सरकारी राइफल लेकर ड्यूटी स्थल से निकलकर उनके आवास पर पहुंच गया।

शिकायत के अनुसार, बंदीरक्षक ने आवास के दरवाजे पर जोर-जोर से प्रहार कर प्रभारी कारापाल को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर जेल अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बंदीरक्षक से सरकारी हथियार अलग करवाया। इसके बावजूद मारपीट का प्रयास करने और पुलिस की मौजूदगी में भी धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

प्रभारी कारापाल ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कार्रवाई की मांग की। उनकी शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मामले की जांच उपनिरीक्षक जगत सिंह शाही को सौंपी गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button