मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को दिलाई बाल विवाह रोकने की शपथ

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरपालपुर मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत थाना हरपालपुर पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान महिलाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में बताते हुए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महिला आरक्षी संध्या कुमारी, महिला आरक्षी आशा सिंह, महिला आरक्षी आसानी और कांस्टेबल अंकुल कुमार ने महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही महिला सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों और जरूरतमंद महिलाओं को मिलने वाली सरकारी सहायता के बारे में जागरूक किया गया।

पुलिस टीम ने साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताते हुए अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की अपील की। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।






