utrakhandउत्तरकाशीखेल

पुरोला में राज्य स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का समापन, हरिद्वार, यूएस नगर और चमोली ने जीते खिताब

पुरोला/उत्तरकाशी :-  पुरोला खेल मैदान में तीन दिनों से चल रही उत्तराखंड की राज्य स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के सभी 13 जनपदों की टीमों ने हिस्सा लिया। अंतिम दिन अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले गए। रोमांचक मैचों के बाद विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

अंडर-19 में हरिद्वार ने देहरादून को हराया

अंडर-19 आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में हरिद्वार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देहरादून को 31-23 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस वर्ग में यूएस नगर की टीम तीसरे स्थान पर रही।

अंडर-17 में यूएस नगर बना चैंपियन

अंडर-17 वर्ग का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इसमें यूएस नगर ने हरिद्वार को 16-15 के करीबी अंतर से हराकर चैंपियनशिप जीत ली। इस वर्ग में देहरादून की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

अंडर-14 में चमोली ने मारी बाजी

अंडर-14 आयु वर्ग के फाइनल में चमोली की टीम ने देहरादून को 28-18 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इस वर्ग में उत्तरकाशी की टीम तीसरे स्थान पर रही।

विजेता टीमों को किया गया सम्मानित

प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ियों और प्रतियोगिता से जुड़े संयोजकों का आभार जताया। साथ ही राज्य सरकार से भविष्य में भी पुरोला खेल मैदान में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराने का आग्रह किया।

खेल संयोजक पूजा नेगी ने तीन दिनों तक भोजन और सफाई व्यवस्था में सहयोग देने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष का धन्यवाद किया। उन्होंने प्रतियोगिता को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने वाले खिलाड़ियों, संयोजकों और व्यवस्थापकों के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

समापन समारोह में सोबत सिंह, जगवीर रावत, धनवीर चौहान, जनक चौहान, प्रताप रावत, विनोद चौहान, सीएस चौहान, गणेश चौहान, विक्रम रावत, मनबीर रावत, अमर बत्रा, नितिन रावत, अवनेश चौहान, कवींद्र चौहान सहित खेल प्रशिक्षक और टीम प्रभारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button