UP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़सुल्तानपुर

मिशन शक्ति के तहत छात्र-छात्राओं को दिया करियर मार्गदर्शन

जन एक्सप्रेस /सुल्तानपुर :-  गनपत सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के महिला परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को करियर निर्माण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नारी सुरक्षा का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. ओमप्रकाश पांडेय ‘बजरंगी’ के आशीर्वाद एवं प्राचार्य प्रो. अंग्रेज सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। प्रथम सत्र में वाणिज्य संकाय परिसर में करियर मार्गदर्शन कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें राष्ट्रीय सेवा योजना के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विष्णु शंकर अग्रहरि, डॉ. भोलानाथ और डॉ. देवेंद्र नाथ मिश्र ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया।

वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के निर्माण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यशाला में शामिल विद्यार्थियों ने करियर से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. पवन कुमार पांडेय ने सभी वक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से मानव श्रृंखला बनाई गई। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए एकजुटता, अखंडता और नारी सुरक्षा का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने देश के विकास में योगदान देने तथा सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प भी लिया।

प्राचार्य प्रो. अंग्रेज सिंह ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व और जागरूकता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर डॉ. दिनेश चंद्र द्विवेदी, डॉ. उर्मिला मिश्रा, डॉ. शक्ति पांडेय, डॉ. रीना त्रिपाठी, डॉ. शैलजा, डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव, डॉ. विक्रमादित्य यादव और डॉ. कुंवर दिनकर प्रताप सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। समापन पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button