मिशन शक्ति: सुलतानपुर के 12 थानों में जागरूकता अभियान, महिलाओं को बताए सुरक्षा के उपाय

जन एक्सप्रेस /सुलतानपुर :– शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति फेज-06 के तहत शुक्रवार को जनपद के 12 थानों में जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बैंकों और सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
गोसाईंगंज, महिला थाना, करौंदी कला, बल्दीराय, धम्मौर, लम्भुआ, बन्धुआकला, चांदा, मोतिगरपुर, कूरेभार, कोतवाली देहात और धनपतगंज थाना क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में छात्राओं एवं महिलाओं को उनके अधिकारों, शासन की कल्याणकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं की जानकारी दी गई।
विद्यालयों में बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा और किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस से सहायता लेने के बारे में बताया गया। वहीं, बैंकों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचने और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने के प्रति सचेत किया गया। बन्धुआकला के राजकीय हाईस्कूल जुड़ूपुर में छात्राओं ने रंगोली, नाटक और संगीत के माध्यम से मिशन शक्ति का संदेश दिया।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 102 और 108 नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं को जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।






