UP Breaking NewsUP POLICEराज्य खबरेंरुद्रप्रयागशहर खबरेंसितारगंज

बरसूड़ी में ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने रखीं समस्याएं

सीडीओ की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में कई शिकायतों के मौके पर निस्तारण के निर्देश, स्वास्थ्य जांच के साथ योजनाओं की दी जानकारी

जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग ;- सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड अगस्त्यमुनि के राजकीय इंटर कॉलेज बरसूड़ी में शनिवार को ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने शिकायतों को सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

शिविर में ग्रामीण सुरेंद्र सिंह ने अपने घर में ‘हर घर जल, हर नल’ योजना के तहत पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग उठाई। ग्राम प्रधान धारकोट-बरसूड़ी आशीष चमोला ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय बरसूड़ी के पुराने भवन को ध्वस्त करने की मांग रखी। वहीं, मधु देवी ने गौरा कन्याधन योजना की धनराशि नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। ग्राम पंचायत पीपली के प्रधान हरि दयाल ने स्यालखेत से पीपली पाटा तक सड़क निर्माण का मामला अधिकारियों के सामने रखा।

स्टॉल लगाकर दी योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और पात्रता के बारे में भी बताया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की निःशुल्क जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार दवाइयां वितरित की गईं।

समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करना है। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है, ताकि उन्हें अपनी शिकायतों के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र व्यक्तियों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि सिंह नेगी, प्रधानाचार्य एस.एस. धीवान, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रेम सिंह रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, ग्रामीण निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी, सहायक संभागीय अधिकारी धर्मेंद्र बिष्ट, जिला कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, खंड विकास अधिकारी सुरेश साह और खाकरा रेंज की रेंजर आयुषी पेटवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button