मिशन शक्ति फेज-6 के तहत बिलग्राम में निकाली गई जागरूकता स्कूटी रैली

रिपोर्ट-बी जी मिश्र/जिला संवाददाता
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शनिवार को बिलग्राम कस्बे में जागरूकता स्कूटी रैली निकाली गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एवं क्षेत्राधिकारी बिलग्राम के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में सर्किल बिलग्राम के सभी थानों की मिशन शक्ति प्रभारियों और उनकी टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
रैली का शुभारंभ तहसील परिसर बिलग्राम से हुआ। यहां से मिशन शक्ति टीम की महिला पुलिसकर्मियों ने स्कूटी के माध्यम से कस्बे के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों तथा महिला सशक्तीकरण के प्रति जागरूक किया। रैली के माध्यम से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने, बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया गया।
इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने आमजन को महिला सुरक्षा से संबंधित पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के साथ ही समाज में महिला सम्मान एवं जागरूकता का वातावरण तैयार करना रहा।






