utrakhandउत्तरकाशीटिहरीटॉप न्यूज़ट्रेंडिंग

राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में ‘विकसित भारत 2047कार्यक्रम आयोजित, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :-  खाड़ी स्थित राजकीय महाविद्यालय में प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मेरे सपनों का भारत विकसित भारत2047 कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प से जोड़ना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत ने कहा कि वर्ष 2047 का भारत कैसा होगा, इसकी नींव आज का युवा रख रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में विद्यार्थियों और युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रसेवा, नवाचार, डिजिटल तकनीक एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को अपनाकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मेरे सपनों का भारत विषय पर आयोजित निबंध, पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। निबंध प्रतियोगिता में मनप्रीत ने प्रथम, भूमिका ने द्वितीय तथा किरण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में भूमिका प्रथम, किरण द्वितीय तथा अनुराधा तृतीय स्थान पर रहीं। रंगोली प्रतियोगिता में आयुष आर्यन एवं अंशुल के समूह ने प्रथम, तनीषा, अनीशा, आर्यन एवं अभिषेक के समूह ने द्वितीय तथा आयुषी, किरण एवं भूमिका के समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, डिजिटल प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम के विजेता विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।

महाविद्यालय के करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के माध्यम से एसबीआई हिताची में चयनित बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा शिवानी को सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कौशल विकास एवं रोजगारपरक शिक्षा के महत्व पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सीमा पांडे ने किया तथा समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ।

इस अवसर पर नरेंद्र नगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सिंह भंडारी, भाजपा जिला युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष मनीष राणा, अभियान की संयोजिका मीना, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह, डॉ. संगीता बिजल्वाण जोशी, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. सीमा पांडे सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button