स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए कंट्रोल रूम स्थापित, समस्या होने पर इस नंबर पर करें संपर्क

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपाली भार्गव ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों पर मतदान कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन संबंधी शिकायतों के निस्तारण, उनके प्रेषण तथा अन्य चुनावी कार्यों की प्रभावी निगरानी के लिए 27 सितंबर 2026 से कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है। जनपद हरदोई में लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित कंट्रोल रूम का टेलीफोन नंबर 05852-234407 है।
दीपाली भार्गव ने बताया कि मतदान के दिन निर्धारित मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों पर जनसामान्य को किसी प्रकार की समस्या होने पर कंट्रोल रूम के उक्त नंबर पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।






