काठगोदाम के लमजाला में 150 मीटर गहरी खाई में गिरी थार, महिला समेत दो घायल
पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और ग्रामीणों ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान, दोनों घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया

जन एक्सप्रेस /काठगोदाम (नैनीताल) :- काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा लमजाला में गुरुवार को एक थार वाहन अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन सवार एक महिला और एक पुरुष घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को ग्राम सभा लमजाला में थार वाहन संख्या यूके-04-एआर-1001 के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना पर काठगोदाम कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ, हल्द्वानी फायर सर्विस और यातायात निरीक्षक भूपेश पांडे भी घटनास्थल पर पहुंचे।
दुर्गम और गहरी खाई में उतरकर पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस के जवानों और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद वाहन में सवार दोनों घायलों को बाहर निकाल लिया गया।
हादसे में नीरज सिंह रजवार (29), निवासी भोटिया पड़ाव, हल्द्वानी और रिचा शाह (29), निवासी आवास विकास, हल्द्वानी घायल हो गए। दोनों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, प्राप्त जानकारी में दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
रेस्क्यू अभियान में पुलिस और एसडीआरएफ के साथ फायर सर्विस की टीम तथा स्थानीय ग्रामीणों ने भी सहयोग किया। पुलिस ने बताया कि सभी के संयुक्त प्रयास से समय रहते दोनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल, हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।






