
जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :- सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और हादसों में घायलों व मृतकों की संख्या कम करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने 23 अक्टूबर को रामपुर रोड स्थित होटल वीनस में सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें हल्द्वानी संभाग के 40 परिवहन सहायक निरीक्षकों और परिवहन आरक्षियों को सड़क सुरक्षा, विभागीय नियमों और दुर्घटनाओं की वैज्ञानिक जांच का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा की उपस्थिति में हुआ। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) गुरदेव सिंह और संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविन्द पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रशिक्षण के दौरान परिवहन कर्मियों को विभागीय नियमों के साथ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। सहायक निदेशक, सड़क सुरक्षा नरेश संगल ने उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति और उनके कारणों पर प्रकाश डाला। वहीं, जेपी रिसर्च इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के टीम लीडर सुमित ढुल ने दुर्घटनाओं की वैज्ञानिक जांच यानी साइंटिफिक क्रैश इन्वेस्टिगेशन की प्रक्रिया समझाई। इस दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा ने कहा कि परिवहन विभाग के प्रवर्तन कार्मिक दुर्घटनाओं के कारणों को गहराई से समझें और प्रशिक्षण में मिली जानकारी का उपयोग अपने दैनिक कार्यों में करें। उन्होंने सड़क हादसों की रोकथाम के लिए सभी कार्मिकों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एआरटीओ (प्रशासन) ऊधमसिंह नगर मोहित कोठारी, एआरटीओ (प्रवर्तन) नवीन कुमार सिंह, एआरटीओ (प्रवर्तन) काशीपुर संदीप वर्मा और परिवहन कर अधिकारी आशुतोष डिमरी सहित हल्द्वानी संभाग के 40 परिवहन कर्मियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण पूरा होने पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। अंत में आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविन्द पाण्डेय ने अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।






