CrimeCyber Fraudutrakhandउत्तरकाशीटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगदेशनई टिहरीराज्य खबरें

रुद्रपुर में सड़क हादसों पर लगाम लगाने की तैयारी, भारी वाहनों की एंट्री पर रहेगा प्रतिबंध

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :-  जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने संबंधित विभागों के साथ मिलकर ठोस कार्ययोजना तैयार की है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर 24 अक्टूबर को पुलिस, यातायात पुलिस, एआरटीओ और एनएचएआई की संयुक्त टीम ने दुर्घटना प्रभावित और दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनमें दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने, अनाधिकृत कट बंद करने और तिराहों, चौराहों व कटों के पास पीली पट्टीदार रंबल स्ट्रिप लगाने की योजना शामिल है।

यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए रुद्रपुर शहर की ओर आने वाले चार प्रमुख मार्गों पर सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन आंशिक रूप से प्रतिबंधित रहेगा। शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक इन मार्गों पर प्रतिबंध पूर्ण रूप से लागू रहेगा। इस अवधि में निर्धारित शर्तों के अनुसार, नगर क्षेत्र में स्थित कंपनियों के पासधारक वाहनों को ही आवागमन की अनुमति होगी।

प्रतिबंधित मार्गों में सिडकुल चौक, राधा स्वामी सत्संग, रामपुर बॉर्डर और काशीपुर रोड स्थित एमेनिटी स्कूल से रुद्रपुर शहर की ओर आने वाले मार्ग शामिल हैं।

संयुक्त टीम ने गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट अनिवार्य रूप से लागू कराने पर जोर दिया। इसके अलावा मुख्य मार्गों पर आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर निगम की मोबाइल टीम गठित करने का निर्णय लिया गया।

पुलिस के अनुसार, संबंधित विभागों के समन्वय से सड़क सुरक्षा संबंधी सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सुरक्षित आवागमन बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button