कॉलेज की बाउंड्रीवॉल ढही, दो मवेशियों की मलबे में दबकर मौत
जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बहराइच। शहर के तारा गर्ल्स इंटर कॉलेज की बाउंड्रीवाल गुरुवार को ढह गई। इससे रास्ते से आ रहे लोगों में भगदड़ मच गई। मलबे में दबकर दो मवेशियों की मौत हो गई।
कोतवाली नगर के मोहल्ला खत्रीपुरा में तारा गर्ल्स इंटर कॉलेज संचालित है। यहां पर 6 से 12 तक की कक्षाओं का संचालन होता है। विद्यालय भवन काफी पुराना और जर्जर हो गया है। गुरुवार को विद्यालय के निकट स्थित रास्ते से लोग आवा गमन कर रहे थे, तभी इंटर कॉलेज की बाउंड्री वॉल भरभराकर गिर गई। ऐसे में आवागमन कर रहे लोगों में अफरा तफरी मच गई।
रास्ते से गुजर रहे लोग इधर उधर भागने लगे। वहीं पास से गुजर रही कार भी ढह रही दीवार की चपेट में आ गई लेकिन कार सवार बाल- बाल बच गए। वहीं मलबे में दबकर दो मवेशियों की मौत हो गई। सूचना पाकर तहसील के कर्मचारी पहुंचे हैं। मलवा हटाने काम जारी है। अचानक हुए इस हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।






