उत्तरकाशीउत्तराखंड

उत्तरकाशी: जोशियाड़ा-कालेश्वर वार्ड में जलभराव से राहत के लिए भूमि अधिग्रहण के निर्देश

जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी: नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 और 9 (जोशियाड़ा-कालेश्वर मार्ग) में लंबे समय से बनी हुई जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सिंचाई, राजस्व और नगर पालिका के अधिकारियों के साथ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जल निकासी व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि जल निकासी के अंतिम छोर (टेल) पर जहां-जहां निजी भूमि आ रही है, वहां आवश्यकतानुसार भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए, ताकि नाली निर्माण और जल निकासी कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के दौरान स्थानीय लोगों को जलभराव के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए राजस्व विभाग, सिंचाई विभाग और नगर पालिका आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण और जल निकासी से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सचिन सिंघल, नगर पालिका के अधिकारी तथा स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button