UP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई  मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत नवरात्रि के प्रथम दिन थाना हरपालपुर पुलिस की ओर से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय खसौरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों ने विद्यालय की छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों, विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में वे संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर पुलिस की सहायता प्राप्त कर सकती हैं। छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि पात्र लाभार्थी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। इसके साथ ही छात्राओं को साइबर फ्रॉड के प्रति सतर्क करते हुए अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी संदेश और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए। उन्हें अपनी व्यक्तिगत जानकारी, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को जागरूक और सतर्क रहने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में उचित कदम उठाने के लिए प्रेरित किया। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से बालिकाओं में सुरक्षा, आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर थाना हरपालपुर की महिला उपनिरीक्षक अंजना सचान, महिला आरक्षी संध्या कुमारी, आशा सिंह और आसानी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button