मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्रा सिमरन बनीं एक दिन की थानाध्यक्ष, सुनी जनशिकायतें

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई :- बिलग्राम मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत ‘नवदुर्गा नव संकल्प’ अभियान के तृतीय दिवस पर मंगलवार, 13 अक्टूबर को थाना बिलग्राम पुलिस द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा नौ की छात्रा सिमरन को एक दिन के लिए थानाध्यक्ष बनाया गया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने और उन्हें महिला सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
एक दिन की थानाध्यक्ष बनीं छात्रा सिमरन ने थाने पर आने वाली जनशिकायतों की सुनवाई की तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया को समझते हुए संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई कराई। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण किया और पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
छात्रा ने मिशन शक्ति केंद्र, थाना कार्यालय, आईजीआरएस कार्यालय एवं महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें विभिन्न कार्यालयों की जिम्मेदारियों और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर कक्षा अध्यापिका एमए कायनात भी उपस्थित रहीं। मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस पहल के माध्यम से बालिकाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।






