स्पा सेंटर की आड़ में कथित जिस्मफरोशी ? मून वैली पर गंभीर आरोप, जांच की मांग
चंदन नगर चौकी क्षेत्र में कथित सेक्स रैकेट की चर्चाएं तेज, स्थानीय दुकानदारों ने नाम न छापने की शर्त पर सुनाई आपबीती; पुलिस की कार्यप्रणाली और स्पा सेंटर के लाइसेंस की जांच पर उठे सवाल।

जन एक्सप्रेस /लखनऊ :- राजधानी लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र अंतर्गत चंदन नगर चौकी इलाके में स्थित मोन वैली के एक स्पा सेंटर को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों और दुकानदारों का दावा है कि स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। आरोपों ने स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था और स्पा सेंटरों की जांच-पड़ताल पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय दुकानदारों ने नाम सार्वजनिक न करने की शर्त पर बताया कि इस स्पा सेंटर के कारण आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि यहां संदिग्ध गतिविधियां होती हैं और विरोध करने पर उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर डर बना रहता है। दुकानदारों का कहना है कि वे खुलकर सामने आने से भी डरते हैं।
कुछ स्थानीय सूत्रों की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवतियों को यहां लाया जाता है और बाद में उन्हें कथित तौर पर देह व्यापार में धकेलने का दबाव बनाया जाता है। नेपाल, बिहार और पश्चिम बंगाल से युवतियों को लाए जाने संबंधी दावे भी किए जा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। यदि इनमें सच्चाई है तो यह केवल अनैतिक गतिविधियों का मामला नहीं, बल्कि मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण से जुड़ा गंभीर अपराध हो सकता है।
लाइसेंस है तो क्या सभी मानक भी पूरे हैं?
सबसे बड़ा सवाल स्पा सेंटर के संचालन की वैधता और निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जांच की मांग होने पर लाइसेंस होने की बात कहकर मामला टाल दिया जाता है। लेकिन सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग ने कभी मौके पर पहुंचकर लाइसेंस की वैधता, कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन, पहचान संबंधी दस्तावेज और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जांच की है?
स्थानीय लोगों ने स्पा सेंटर के सीसीटीवी कैमरों और निगरानी व्यवस्था की भी जांच कराने की मांग उठाई है। उनका आरोप है कि सेंटर के बाहर लगे कैमरों के माध्यम से आने-जाने वालों की गतिविधियों पर नजर रखी जाती है। इन दावों की भी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। पुलिस प्रशासन से सीधे सवाल आखिर चंदन नगर चौकी क्षेत्र में इस तरह की शिकायतें सामने आने के बावजूद अब तक क्या कार्रवाई हुई? क्या पुलिस ने स्पा सेंटर का औचक निरीक्षण किया है? क्या वहां काम करने वाले कर्मचारियों का सत्यापन कराया गया है? क्या महिला सुरक्षा और मानव तस्करी से जुड़े पहलुओं की जांच हुई है? स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, स्पा सेंटर के दस्तावेजों और सीसीटीवी फुटेज की नियमानुसार जांच करने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना यह है कि लखनऊ पुलिस इन गंभीर शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेती है। स्पा सेंटर के पास लाइसेंस होना अलग बात है और कानून के सभी मानकों का पालन करना अलग। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदारों पर ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे राजधानी में महिलाओं के शोषण और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लग सके।






