
चंद्रप्रकाश बहुगुणा
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- जनपद में पहली बार आयोजित पंचकुंडीय श्री लक्ष्मीनारायण गौ-गंगा प्रतिष्ठा महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन पूरा नगर भक्ति में डूबा रहा। देव डोलियों, संत-महात्माओं और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से आयोजन आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बन गया है। गुरुवार आज सुबह 7 बजे गौ-गंगा पूजन और आरती के साथ यज्ञ शुरू हुआ। यजमानों ने स्तंभ पूजन श्रीमद्भागवत महापुराण पूजन और व्यास पूजन किया। दोपहर 2 बजे व्यास पीठ पर विराजमान पूज्य आचार्य सूर्यकांत बलूनी ने भागवत कथा महात्म्य से आगे कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा से पहले श्री शेषनाग देवता कूपड़ा महाराज की देव डोली का आराध्य कंडार देवता की डोली, कथा समिति और स्वागत समिति ने भव्य स्वागत किया।
गौकर्ण की कथा सुनाते हुए आचार्य बलूनी जी ने कहा कि संत चलते-फिरते तीर्थराज हैं। सत्संग मनुष्य को पशु प्रवृत्तियों से मुक्त कर आत्मबोध की ओर ले जाता है। महात्माओं के सत्संग और भगवान की कथा का श्रवण मनुष्य को आत्मचेतना का बोध कराता है।
प्रबुद्ध शिक्षक विजय भट्ट ने जनजागरण में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता और भारतीय संस्कारों को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गौ प्रतिष्ठा समाज के कल्याण का और गंगा प्रतिष्ठा नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने के संकल्प का प्रतीक है। आयोजन का उद्देश्य उत्तरकाशी को धर्म-संस्कारों की नगरी बनाने के साथ नशामुक्त समाज की स्थापना करना भी है।
51 यजमान, 50 से अधिक देव डोलियां
दूसरे दिन पंचकुंडों में 51 यजमानों और वेदाचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हजारों आहुतियां दीं। कथा पंडाल में 50 से अधिक देव डोलियां विराजमान हैं। नगर और दूरदराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।
उत्तरकाशी गायत्री परिवार ने कथा मंडप के बाहर पं. श्रीराम शर्मा आचार्य रचित आध्यात्मिक और वैज्ञानिक साहित्य का स्टॉल लगाया है, जहां प्रेरणादायी पुस्तकें आधे मूल्य पर मिल रही हैं। इस अवसर पर कथा समिति के अध्यक्ष स्वामी राघवानंद महाराज, संत हरिहराश्रम महाराज सहित समिति के पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा के बाद दंडी स्वामी संत हरिहराश्रम महाराज ने ज्ञानमय उद्बोधन दिया। कथा समिति, गायत्री परिवार ट्रस्ट, मंदिर जीर्णोद्धार समिति और व्यापार मंडल द्वारा श्रद्धालुओं के साथ मणिकर्णिका घाट पर नित्य गंगा आरती भी की जा रही है। यह आयोजन धर्म, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, संस्कार संवर्धन और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए उत्तरकाशी की आध्यात्मिक चेतना को नई दिशा दे रहा है।






