हल्द्वानी में सफाई व्यवस्था पर नगर निगम का औचक निरीक्षण, कई कर्मचारी मिले नदारद
नगर आयुक्त के नेतृत्व में पांच टीमों ने 15 वार्डों में की जांच, अनुपस्थित सफाई कर्मियों और सफाई नायकों पर होगी कार्रवाई

जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :- नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर आयुक्त के नेतृत्व में पांच अलग-अलग टीमों ने गुरुवार सुबह विभिन्न वार्डों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई सफाई कर्मचारी और सफाई नायक अपने निर्धारित कार्यस्थलों से अनुपस्थित पाए गए। नगर आयुक्त ने स्वयं वार्ड संख्या 3, 4 और 6 का निरीक्षण किया। वहीं, नगर निगम के अन्य अधिकारियों की चार टीमों ने वार्ड संख्या 11, 17, 18, 25, 26, 27, 34, 36, 37, 57, 58 और 60 में सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की उपस्थिति जांची।
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने सभी सफाई कर्मचारियों और सफाई नायकों को निर्धारित समय पर कार्यस्थल पर पहुंचने और पूरी कार्यावधि में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही बायोमेट्रिक प्रणाली से उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य बताया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आगे भी लगातार औचक निरीक्षण किए जाएंगे।






